भारतीय टीम की दीवार राहुल द्रविड़ के बारे में पूर्व क्रिकेटरों का कहना है कि श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन 79वीं शतकीय साझेदारियां करने वाले वह टेस्ट मैचों के पूर्ण खिलाड़ी है, जो विभिन्न परिस्थितियों में अलग-अलग बल्लेबाजों से सामंजस्य बनाकर भागीदारियां कर इस रिकार्ड के शीर्ष पर हैं।
शतकीय साझेदारियों के बादशाह द्रविड़ ने आज कानपुर में श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के पहले दिन गौतम गंभीर [167] के साथ दूसरे विकेट के लिए 137 रन की शतकीय साझेदारी की और इससे अब वह 79 साझेदारियों के रिकार्ड से शीर्ष पर हैं। वह अब भी 85 रन बनाकर क्रीज पर मौजूद हैं। श्रीमान भरोसेमंद द्रविड़ ने श्रीलंका के खिलाफ शुरुआती टेस्ट में अपना 27वां शतक जमाने के बाद विश्व क्रिकेट में 78 बार शतकीय भागीदारियां निभाकर अनोखे रिकार्ड में अपना शीर्ष स्थान मजबूत कर लिया था।
द्रविड़ के इस व्यक्तिगत रिकार्ड के बारे में पूर्व क्रिकेटर मोहिंदर अमरनाथ ने कहा, 'मुझे लगता है कि वह शानदार खिलाड़ी हैं, जो पिछले 12-13 साल से अपनी बेहतरीन तकनीक और जुनून से खेल रहे हैं। वह एक पूर्ण खिलाड़ी हैं जिसमें अच्छा करने की भूख मौजूद है।' द्रविड़ ने पिछले टेस्ट में 177 रन की पारी खेलकर फिर से खुद को भारतीय टीम की 'दीवार' साबित कर दिया। उन्होंने श्रीलंका के खिलाफ पहले टेस्ट में दो शतकीय साझेदारियां की, जिससे वह 18 अलग बल्लेबाजों के साथ टेस्ट मैचों में 100 या इससे ज्यादा रन की 79 साझेदारी कर चुके हैं।
द्रविड़ के बाद आस्ट्रेलियाई कप्तान रिकी पोंटिंग 75 भागीदारियों से दूसरे और सचिन तेंदुलकर 72 से तीसरे स्थान पर बने हुए हैं। अमरनाथ ने कहा, 'यह हालांकि व्यक्तिगत रिकार्ड है, लेकिन इससे पता चलता है कि वह कितनी जल्दी बल्लेबाजों के साथ सामंजस्य बिठाकर उन्हें भी अच्छा करने के लिए प्रेरित करता है।' पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने कहा, 'टेस्ट क्रिकेट में द्रविड़ अविश्वसनीय बल्लेबाज हैं। हालांकि सचिन तेंदुलकर की मौजूदगी में उन्हें उतनी चर्चा नहीं मिल पाती है लेकिन उन्होंने पिछले 13 सालों में लगातार यह साबित किया है कि वह वाकई में टीम इंडिया के भरोसेमंद खिलाड़ी हैं।'
ईडन गार्डस में आस्ट्रेलिया की टेस्ट मैचों में लगातार 16 जीत के रिकार्ड को समाप्त करने के दौरान वीवीएस लक्ष्मण की 281 रन की पारी सभी को अच्छी तरह याद है, लेकिन द्रविड़ ने भी इस मैच में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। द्रविड़ ने 180 रन बनाकर लक्ष्मण के साथ पांचवें विकेट के लिए 376 रन जोड़े थे। उन्होंने कहा, 'द्रविड़ की मौजूदगी से दूसरे बल्लेबाज भी उनके साथ सहजता से रन बनाते हैं।' जडेजा ने कहा, 'हालांकि द्रविड़ ने जब क्रिकेट खेलना शुरू किया था तब किसी भी क्रिकेट समीक्षक ने उन्हें लंबी रेस का घोड़ा नहीं बताया था, लेकिन उन्होंने पारी दर पारी खुद को साबित किया है।'
द्रविड़ ने 2006 में लाहौर में पाकिस्तान के खिलाफ वीरेंद्र सहवाग के साथ 410 रन भी साझेदारी की थी, जो भारत के लिए किसी भी विकेट के लिए सर्वश्रेष्ठ भागीदारी थी। लेकिन इसमें द्रविड़ कप्तान और सहवाग उपकप्तान के रूप में खेल रहे थे, जिससे यह कप्तान और उपकप्तान के बीच सर्वाधिक रन की भागीदारी भी है।
भारतीय एकता संगठन के सौजन्य से
No comments:
Post a Comment